ज्यौड़ियां। खौड़ और ज्यौड़ियां में रविवार को चली आंधी और बारिश से फसलों का भारी नुकसान हुआ है। किसानों की धान तथा बाजरे की फसल जमीन पर लेट गई है। ज्यादा नुकसान बासमती की धान को हुआ है, जिससे किसानों के चेहरों पर चिंता दिखाई दे रही है। आंधी से बिजली के कई खंभे गिर गए, जिससे क्षेत्र में तूफान के बाद लगभग 20 घंटे तक बिजली बंद रही।
सरपंच व किसान पठान सिंह ने बताया कि आंधी से उनकी धान की फसल जमीन पर गिर गई, जिससे हमें काफी नुकसान सहना पड़ेगा। किसान गिरधारी लाल ने बताया कि इस बार हमें अच्छी फसल की उम्मीद थी, क्योंकि फसल के शुरुआती समय में फसल अच्छी दिखाई दे रही थी, लेकिन बीच में आकर बारिश भी थम गई और नहरों की सफाई नहीं होने से नहर का पानी भी खेतों तक नहीं पहुंच पाया और फसल को सिंचाई नहीं मिलने से कमजोर पड़ गई। जो बची-खुची थी अब आंधी ने जमीन पर लिटा दी। किसान विजय, सुखदेव सिंह, रतन सिंह आदि ने सरकार से फसल के मुआवजे की मांग की है।