जम्मू कश्मीर के मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 2 अप्रैल तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इससे कई इलाकों में पारे में गिरावट आएगी। इस बीच बुधवार को जम्मू समेत कई जिलों में हल्के बादलों के साथ मौसम साफ रहा।
विज्ञापन
आगामी दिनों में खराब मौसम की सूरत में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है। जम्मू में बुधवार की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दोपहर को सीधी धूप में तपिश का अहसास हुआ। यहां दिन का तापमान 28.4 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बनिहाल में दिन का पारा 21.4, बटोत में 20.7, कटड़ा में 26.6 और भद्रवाह में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा चढ़कर 20.3, पहलगाम में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 0.3 और गुलमर्ग में 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।