जम्मू। रेलवे स्टेशन के पास कुछ ई-ऑटो चालक अकेले यात्री को निशाना बनाकर लूट रहे हैं। तीन दिन में दो वारदात हो चुकी है। बिहार के बेतिया निवासी गौतम राय ने बाहु फोर्ट पुलिस को शिकायत में बताया कि वह सुभाष नगर (रिहाड़ी) में कारपेंटर हैं। 29 मई को रात आठ बजे बिक्रम चौक से रेलवे स्टेशन जाने के लिए ई-ऑटो में बैठे। चालक मुख्य मार्ग के बजाय बाहु प्लाजा होते हुए त्रिकुटा नगर ले गया। पार्क के सामने रोककर मारपीट की और चाकू से हमला कर आरोपी मोबाइल, 12 हजार रुपये, कटर मशीन और हैमर मशीन ले गया।
जांच के दौरान पुलिस ने बैग बरामद कर लिया। इसी तरह बाग-ए-बाहु के माेनू कुमार की रात की ट्रेन लेट हो गई। घर जाने के लिए ऑटो में बैठे। रेलवे स्टेशन के बाहर ही चार से पांच लोगों ने चाकू दिखाकर पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया।