जांच पूरी होने के बाद होगी आगे की कार्रवाई : डीसी
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पुलवामा। पुलवामा जिला अस्पताल में एक मरीज को एक्सपायर्ड सलाइन वाटर (डेक्सट्रोज नॉर्मल सलाईन) चढ़ाए जाने का कथित वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। डीसी पुलवामा बशारत कय्यूम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के संबंधित सेक्शन इंचार्ज का वेतन निलंबित करते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं।
डीसी पुलवामा ने बातचीत में बताया कि मेडिकल सुपरिटेंडेंट को मामले की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए तत्काल जांच शुरू की गई है। जब तक जांच पूरी नहीं होती, संबंधित कर्मचारी का वेतन रोका जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बशारत कय्यूम ने यह भी कहा कि प्रशासन इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रहा है और यदि किसी प्रकार की लापरवाही या चूक साबित होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जवाबदेही तय की जाएगी और मरीजों की सुरक्षा तथा चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।