आरएस पुरा। उपजिले के कई गांव में इन दिनों नशे के धंधे में बढ़ोतरी होने पर युवाओं को इसकी कीमत जान गंवाकर चुकानी पड़ रही है। नशीले पदार्थ बेचने व इसका धंधा दिन ब दिन बढ़ रहा है, जिससे लोग काफी परेशान हैं।
गत दिनों सीमावर्ती गांव में एसएसपी चंदन कोहली ने पब्लिक मीट का आयोजन किया। इसमें पंचायतों प्रतिनिधियों सहित आम लोगों ने नशीले पदार्थ बेचने वाले क्षेत्र में सक्रिय लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने की मांग की। इन दिनों क्षेत्र में हेरोइन के साथ भुक्की, कैप्सूल, चरस, पैैंटाडाल टेबलेट आदि का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। इस संबंध में लोगों का कहना है कि इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए पुलिस और प्रशासन की तरफ से कारगर कदम नहीं उठाया जा रहा। विशेष कर सीमावर्ती क्षेत्र में नशीले पदार्थों के धंधे में बढ़ोतरी होने पर लोगों को जानकारी है। पुलिस की नाक के नीचे यह धंधा चल रहा है।
जेके पीपी सेक्युलर फोरम के प्रधान कुंदन लाल शर्मा का कहना है कि गुप्तचर एजेंसियां भी इसे गंभीरता से नहीं ले रहीं। इसके चलते अधिकतर युवा नशे का शिकार हो रहे हैं। अशोक कुमार का कहना है कि अब हर गांव में नशाखोरी में बढ़ोतरी हो रही। इसे नियंत्रित नहीं किया जा रहा।
-------
पुलिस द्वारा नशीले पदार्थ का धंध करने वालों को पकड़ कर कानून के अंतर्गत कार्रवाई की जाती है। पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन करने के साथ व्हाट्सएप नंबर भी सार्वजनिक किया गया है। नशीले पदार्थों का धंधा करने पर अगर किसी को कोई जानकारी मिलती है तो वह पुलिस को सूचित करे।
-जयपाल शर्मा, थाना प्रभारी, आरएस पुरा