आरएस पुरा। देश की सरकारी संपत्ति का निजीकरण करने और बढ़ती महंगाई के विरोध में वीरवार को जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी की ओर से आरएस पुरा में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान रोष रैली भी निकाली। ग्रामीण जिला प्रधान ठाकुर हरि सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क से रोष रैली निकाली। इसके बाद देवेंद्र चौक पर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस के वरिष्ठ उप प्रधान व पूर्व मंत्री रमण भल्ला सहित पूर्व मंत्री मूलाराम मुख्य रूप से मौजूद रहे। पूर्व मंत्री रमण भल्ला ने कहा कि भाजपा देश को बेच रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता संभालने के बाद से ही देश को बेचने का काम शुरू किया है, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार लगातार देश की संपत्ति का निजीकरण कर रही है। इसको लेकर किसी से कोई विचार विमर्श नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। वह लगातार जनविरोधी फैसले ले रहे हैं।
भल्ला ने कहा कि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से राज्य का दर्जा छीन कर लोगों के साथ गलत किया है। सरकार के इस फैसले से यहां के युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रही हैं। जनता परेशान है। जब से भाजपा की सरकार सत्ता में आई है, तब से महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है। पिछले दो महीने में ही गैस सिलिंडर के दाम तीन बार बढ़ाए हैं। गरीब जनता क्या करे। कोरोना में जहां हर व्यक्ति परेशान है, वहीं महंगाई ने भी लोगों को बेबस कर दिया है।
उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह कांग्रेस के इस विरोध में बढ़ चढ़कर भाग लें।
कांग्रेस के जिला प्रधान हरि सिंह ने कहा कि देश में लगातार हो रहे निजीकरण के सरकार के फैसले व बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस की ओर से विरोध शुरू किया गया है। यह आगे भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिला ग्रामीण उपप्रधान सरपंच रविंद्र सिंह, ब्लाक प्रधान आरएस पुरा शाम मेहरा, कार्यकारी प्रधान सुनील दत्त, जिला उप प्रधान चौ मोहन सिंह, अजाएब मोटन, संदीप सिंह, ब्लॉक प्रधान मीरां साहिब कुलदीप राज आदि शामिल रहे।