रामबन में लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन करते सफाई कर्मचारी
- फोटो : UDHAMPUR
रामबन। ऑल चिनाब वैली सफाई कर्मचारी संघ रामबन की लंबित मांगों को लेकर हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों ने रामबन बाजार में एक रोष रैली निकाली, जोकि रामबन के विभिन्न हिस्सों से होकर नगर परिषद कार्यालय पहुंच कर संपन्न हुई।
सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि मजदूरों और सफाई कर्मचारियों को नियमित करने, सेवानिवृत्ति/मृत्यु के कारण खाली हुए पदों को भरने, नगर परिषद रामबन में सफाई कर्मियों की संख्या 14 से बढ़ाकर 70 करना, ढाई दिन का वेतन जारी करना, आदि मांगों पर हड़ताल जारी है। उन्होंने एलजी मनोज सिन्हा से उनकी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने और मांगों को पूरा करवाने के लिए संबंधित अधिकारी को आदेश जारी करने की अपील की।
रामबन में यूनियन के अध्यक्ष मोहम्मद अशरफ शेख ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं की जातीं, हड़ताल जारी रहेगी। रामबन के पूर्व विधायक मास्टर अशोक कुमार भी सफाई कर्मचारियों के धरना प्रदर्शन के दौरान उनके साथ थे। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को सही ठहराया और सरकार से उनकी मांगों को पूरा करने की पुरजोर अपील की। दूसरी तरफ सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से बनिहाल, बटोत और रामबन के बाजारों में कचरे के ढेर लग गए हैं।