जम्मू। नेशनल कांफ्रेंस के प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि डोमिसाइल अच्छा है या नहीं, इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे, क्योंकि मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। मगर खेद है कि डोमिसाइल में गुलाम कश्मीर के लोगाें को लेकर कोई जिक्र नहीं किया गया। जब देश का मैट्रोलॉजी विभाग गिलगित-बाल्टीस्तान का तापमान दिख रहा है, तो सरकार को डोमिसाइल में मीरपुर, मुजफ्फराबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान के लोगों का भी उल्लेख करना चाहिए था। सरकार ने गुलाम कश्मीर के लिए विधानसभा में भी तो सीटें आरक्षित रखी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि हैरानी है कि डोमिसाइल सर्टिफिकेट लेने के लिए अब 1.30 करोड़ लोगों को खुद को जम्मू-कश्मीर का निवासी साबित करने के लिए तहसीलदार से प्रमाण लेना पड़ेगा। सरकार को पीआरसी को ही सुबूत के तौर पर दस्तावेज मान्य करना चाहिए था। सरकार कहती है कि 15 दिन में डोमिसाइल सर्टिफिकेट बन जाएगा, लेकिन यह कितना संभव होगा भविष्य में ही पता चलेगा। राणा ने कहा कि हम जम्मू के हक के लिए लड़ते रहे और आगे भी लड़ते रहेंगे।