जम्मू। लंबित मांगें पूरी नहीं होने पर जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मियों में सरकार के खिलाफ रोष बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को बीसी रोड स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय के परिसर में प्रदर्शन कर विरोध जताया है। साथ ही सरकार और विभाग पर अनदेखी का आरोप लगाया है। कर्मियों का कहना है कि बिना वेतन के परिवार चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के पदाधिकारी रवि हंस, होशियार सिंह, मोहन लाल शर्मा, नवदीप सिंह और राजेंद्र सिंह ताज ने कहा कि तीन माह से वेतन नहीं मिला है। यह कर्मचारियों के साथ अन्याय है। जायज मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली कारपोरेशन में नियमितीकरण पर काम तेज गति से चल रहा है, जबकि जलशक्ति विभाग सुध तक नहीं ले रहा है। अब 22 सितंबर को रैली निकालकर रोष जताया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूटी की तर्ज पर मानदेय बढ़ाया जाए, 72 माह का बकाया वेतन जारी किया और कर्मचारियों को नियमित किया जाए।