जम्मू। घाटी में तैनात कर्मियों के लिए जल्द तबादला नीति बनाई जाए। यह मांग ऑल जम्मू बेस्ड रिजर्व्ड कैटेगरी इंप्लाइज एसोसिएशन कश्मीर के बैनर तले कर्मचारियों ने 23वें दिन प्रदर्शन कर उठाई है। आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार से ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है।
कर्मचारियों ने कहा कि जब तक तबादला नीति नहीं बनेगी तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। 15 सालों से कश्मीर संभाग के विभिन्न जिलों में कार्यरत हैं। पूर्व की सरकार से भी तबादला नीति की मांग की थी, लेकिन मांगों की अनदेखी की गई। उन्होंने इस संबंध में उपराज्यपाल से जल्द कदम उठाने की अपील की है। कहा कि लक्षित हत्याओं के चलते नौकरी करना मुश्किल हो रहा है। विभागों की ओर से आए दिन नए-नए आदेश जारी किए जा रहे हैं। इस मौके पर कई कर्मचारी मौजूद रहे।