जम्मू। सन्नी ने आत्महत्या नहीं की है बल्कि उसकी हत्या हुई है। इसलिए ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय दिया जाए। यह मांग महिला के मायके वालों ने बिक्रम चौक पर पदर्शन कर उठाई है। वहीं, जीएमसी में पोस्टमार्टम के दौरान भी नारेबाजी कर न्याय की मांग की गई है। सनद रहे कि शनिवार को महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली थी।
रविवार को महिला के परिजन बिक्रम चौक में एकत्र हुए और ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। विजयपुर निवासी सन्नी की शादी बिक्रम चौक मोहल्ले में हुई थी। ससुराल वाले बेटी को डराते और धमकाते थे। इस संबंध में वह कई बार बता चुकी थी। उन्होंने हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की छानबीन कर आरोपियों को सजा दिलाने की मांग की है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के दौरान भी परिजनों ने नारेबाजी कर कार्रवाई की मांग की है।