जम्मू। कश्मीरी पंडितों ने रविवार को जगती में टेनमेंट कमेटी के बैनर तले प्रदर्शन कर सरकार से जल्द मासिक राहत राशि बढ़ाने की मांग उठाई है। इस मौके पर कश्मीरी पंडित समुदाय के काफी लोग मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि सरकार कश्मीरी पंडित समुदाय की अनदेखी कर रही है। 32 वर्षों से विस्थापन का दंश झेल रहे है, लेकिन घाटी में वापसी करवाने में सरकार नाकाम रही है। बढ़ती महंगाई के बीच 13 हजार रुपये की मासिक राहत राशि से परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। लंबे समय से सरकार से राहत राशि 25 हजार रुपये करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन आजतक कोई कदम नहीं उठाया गया है। कमेटी के अध्यक्ष शादी लाल पंडिता ने कहा कि सरकार समुदाय के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार नीति घोषित करे। सरकार न रोजगार दे रही है और न ही राहत राशि में बढ़ोतरी कर रही है। अगर मांगों को पूरा नहीं किया गया तो उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।