कुठआ में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कठुआ जिले में हीरानगर सेक्टर के ढली गांव में सुरक्षाबलों ने पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि ड्रोन गतिविधि की सूचना पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मोर्चा संभाला और ड्रोन दिखते ही फायरिंग कर ड्रोन को मार गिराया।
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों के बीच रविवार सुबह पुलिस ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से घुस आया पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराया। कठुआ जिले में हीरानगर सेक्टर के ढली गांव में हेक्साकॉप्टर ड्रोन से सात मैग्नेटिक बम (स्टिकी बम) और सात यूबीजीएल ग्रेनेड मिले हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार पाकिस्तान ने बड़े हमले की साजिश को नाकाम किया गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सेना, एसओजी और बीएसएफ की ओर से सीमावर्ती इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया।
विज्ञापन
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने बताया कि ड्रोन गतिविधि की सूचना पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मोर्चा संभाला और ड्रोन दिखते ही फायरिंग कर ड्रोन को मार गिराया। ड्रोन में कुछ सामान बंधा हुआ था, जिसे एहतियात बरतते हुए अलग कर बम निरोधक दस्ते से जांच करवाई गई। जांच के दौरान ड्रोन से बंधे पैकेट में सात मैग्नेटिक बम और अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर (यूबीजीएल) से दागे जाने वाले सात ग्रेनेड बरामद किए गए।
लगातार चल रहा तलाशी अभियान
कठुआ पुलिस अधीक्षक आरसी कोतवाल ने कहा कि अमरनाथ यात्रा से पूर्व यह बड़ी सफलता है। सीमावर्ती इलाके में पिछले कई महीनों से रुटीन सर्च चल रही है। ग्रामीणों की सूचना पर राजबाग पुलिस स्टेशन की टीम ने सुबह करीब आठ बजे ड्रोन देखते ही कुछ राउंड फायर कर ड्रोन को मार गिराया। इलाके का माहौल खराब करने और अमरनाथ यात्रा को निशाना बनाने की साजिश को नाकाम किया गया है। ग्रामीण जब भी संदिग्ध गतिविधि देखें तो फौरन पुलिस को सूचित करें।
विज्ञापन
पानसर में भी मार गिराया था ड्रोन
हीरानगर सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से पहले भी ड्रोन भेजे जा चुके हैं। 23 जून 2020 को पानसर में बीएसएफ ने हेक्साकॉप्टर ड्रोन को मार गिराया था। तलाशी के दौरान ड्रोन से बांधकर भेजे गए पैकेट में अमेरिका निर्मित एम-4 बंदूक, 60 गोलियां, दो मैगजीन, सात ग्रेनेड बरामद हुए थे। इसके अलावा भी कई बार ड्रोन वापस खदेड़े जा चुके हैं।