जम्मू। बॉर्डर बटालियन और बीएसएफ, सीआईएसएफ अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने समेत उनकी अन्य मांगो के समर्थन में शुक्रवार को अपनी पार्टी की युवा इकाई ने प्रदर्शनी मैदान के बाहर रोष रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने बार्डर बटालियन अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की। साथ ही डोगरा चौक की तरफ जाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने युवा इकाई के उपाध्यक्ष रकीक अहमद खान समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि करीब दो घंटे बाद रिहा कर दिया।
रकीक अहमद खान की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों ने सरकार से बार्डर बटालियन की भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने की अपील करते हुए कहा ओवरएज हो चुके अभ्यर्थियों को आयुसीमा में रियायत दी जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार्डर बटालियन और बीएसएफ सीआईएसएफ अभ्यर्थियों की जायज मांगों को जब तक सरकार पूरा नहीं करती, तब तक अपनी पार्टी का प्रदर्शन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने में बेवजह देरी से प्रशासन बेरोजगार युवाओं की आकांक्षाओं के साथ खिलवाड़ कर रहा है। हिरासत में लिए गए पार्टी नेताओं में अभय बकाया, विपुल बाली, वैभव मट्टू आदि शामिल रहे। इस अवसर पर दीपक, सनी कांत चिब, संदीप वेद, मोहम्मद आसिफ, अर्चना कौल, मौजूद रहे।