जम्मू। गरीब और अनुसूचित जाति, जनजाति और ओबीसी वर्ग के लोगों के लंबित बिजली और पेयजल बिलों को माफ करने की मांग को लेकर शनिवार को लोक जनशक्ति पार्टी राम विलास पासवान के कार्यकर्ताओ ने रोष रैली निकाली। इस दौरान तवी पुल जाम करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों व पुलिस में धक्का-मुक्की भी हुई।
पार्टी के अध्यक्ष रफीक मलिक की अगवाई में हुए प्रदर्शन में गरीबों का बिजली और पानी का बिल माफ करने की मांग उठाई गई। प्रेम नगर से तवी पुल तक रोष रैली निकाली। मलिक ने कहा कि कारोना काल में गरीब लोग बिजली बिल देने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में सरकार को इन बिलो को माफ करना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में विभिन्न सरकारी विभागो में कार्यरत डेलीवेजरो को नियमित करने की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन में वरुण बाली, संजू भगत, मुल्ख राज, सुरेष्ठा खजूरिया, महाराज कृष्ण भट, शकील अहमद डार, सोनू कुमार, पूरण चंद मल्होत्रा, अजय रैना, प्रेमपाल कुमार, अरबाज मलिक आदि भी मौजूद रहे।