जम्मू। नया बस स्टैंड शुरू होने के बाद अब पुराने बस स्टैंड के दुकानदारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। पुराने बस स्टैंड से बसों का संचालन बंद है, जिसके कारण वहां लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई है। इससे दुकानदारों का कारोबार ठप होने लगा। इसी को लेकर सोमवार को ट्रेडर एसोसिएशन बस स्टैंड के बैनर तले पुराने बस स्टैंड के दुकानदारों ने प्रदर्शन किया।
दुकानदारों ने कहा कि प्रशासन का फैसला हमें बेरोजगार करना वाला है। हम नए बस स्टैंड को शुरू करने के खिलाफ नहीं है, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए कि नई जगह को आबाद करने के लिए पुरानी जगह को उजाड़ दो। बीसी रोड से टैंपो ट्रैवलर व अन्य वाहनों का संचालन होता है जो सड़क पर जाम का कारण बनता है। प्रशासन से अपील है कि इन वाहनों का स्टैंड पुराने बस स्टैंड में बनाया जाए ताकि लोगों की आवाजाही हो और हमारा रोजगार भी चल सके। दुकानदारों ने कहा कि पुलिस का रवैया भी खराब है, वह यात्रियों को पुराने बस स्टैंड में बैठने नहीं देते हैं। पुराने बस स्टैंड में 250 दुकाने हैं, जिससे कई परिवारों की रोजी-रोटी जुड़ी है। प्रशासन को ऐसा फैसला लेना चाहिए जिससे नए बस स्टैंड के साथ पुराना बस स्टैंड भी आबाद रहे। पुराने बस स्टैंड पर मेटाडोर स्टैंड बनाएं या कुछ रूट की बसों को यहां खड़ा करें, ताकि उनका रोजगार भी चलता रहे।