डोगरा चौक पर प्रदर्शन कर रहे 10वीं के छात्रों को थाने ले जाती पुलिस।
- फोटो : CITY REPORTER
जम्मू। 10वीं कक्षा में असफल रहे विद्यार्थियों ने सोमवार को फिर प्रदर्शन किया। डोगरा चौक पर एकत्रित हुए विद्यार्थियों ने मास प्रमोशन की मांग की। तवी पुल की तरफ बढ़ते विद्यार्थियों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन विद्यार्थी नहीं माने। इस पर पुलिस सभी को पकड़कर पुलिस लाइन थाने ले गई। हालांकि कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। विद्यार्थियों ने कहा कि पुलिस वाले हमें डरा रहे हैं। हमारी एक ही मांग है कि हमे मास प्रमोशन दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
डीसी ने कहा, जो जिस पेपर में फेल है, दोबारा देगा
विद्यार्थियों ने कहा कि सोमवार सुबह वह डीसी कार्यालय गए थे, जहां पर उन्हें वही पेपर देने को कहा गया, जिसमें वह फेल हैं। इस पर विद्यार्थियों ने कहा कि हम पेपर नहीं देंगे, हमें मास प्रमोशन दी जाए। इस दौरान मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने कहा कि पांच विद्यार्थियों को डीसी से मिलाया गया। विद्यार्थियों को कहा जो एक पेपर में फेल हैं, वह एक पेपर देगा और जो दो में फेल हैं, वह दो पेपर देगा। इसके आधार पर परिणाम निकलेगा।