जम्मू। जम्मू-कश्मीर मेडिकल इंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले चिकित्सा कर्मियों ने शनिवार को सुआंजना में धरना देकर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। कर्मियों ने डीपीसी सहित अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी की। चेतावनी दी कि अगर मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो प्रदर्शन तेज कर देंगे।
सुआंजना कस्बे से कर्मचारी यूनियन के प्रधान पवित्र सिंह और फेडरेशन प्रधान सुशील सूदन ने कहा कि डीपीसी न होने से चिकित्सा कर्मियों को उनका हक नहीं मिल पा रहा। बीते चार साल से डीपीसी न होने से सैकड़ों कर्मचारी बिना पदोन्नति सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सरकार फीमेल मल्टीपर्पज हेल्थ वर्करों को नियमित वेतन नहीं दे पा रही है। फार्मासिस्टों को नए केंद्रीय फार्मेसी अधिनियम के तहत पंजीकृत नहीं किया जा रहा। एसआरओ 20 में संशोधन का पिछले तीस साल से इंतजार किया जा रहा है। धरने में सरदार हरपाल सिंह, सतपाल सिंह, विकास, प्रताप सिंह आदि शामिल हुए। ब्यूरो