डॉक्टरों के खाली पदों को भरे जाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करते बांजल भटवाल वासी, संवाद।
- फोटो : KATHUA
बिलावर। उपमंडल के दूरदराज बांजल भटवाल गांव की न्यू टाइप पीएचसी में डॉक्टरों की तैनाती को लेकर 9वें दिन भी धरना जारी रहा। लोगों की जिद है कि जब तक डॉक्टरों की तैनाती नहीं होती, प्रदर्शन जारी रहेगा।
रविवार को प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार लोगों को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने में विफल हो गई है। दूरदराज के इलाकों के हजारों लोगों को सही से स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है। नौ दिनों से लोग धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार सुनने को तैयार नहीं।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे जितेंद्र सिंह पटियाल ने कहा कि कई वर्षों से न्यू टाइप पीएचसी में डॉक्टरों के पद रिक्त पड़े हैं। सरकार को रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए कई बार कहा गया, लेकिन सरकार ने एक भी नहीं सुनी। प्रदर्शनकारी नौ दिन से धरने पर बैठे हैं, लेकिन अंधी बहरी सरकार सुनने को तैयार नहीं है। दूरदराज पहाड़ी क्षेत्रों के लोग स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक न्यू टाइप पीएससी में डॉक्टरों को तैनात नहीं किया जाता, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे। इस अवसर पर पंचायत की सरपंच ललिता देवी, पंचायत के कई पूर्व प्रतिनिधियों के साथ मौजूदा प्रतिनिधि और गांव की कई महिलाएं और पुरुष मौजूद हैं।