फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्मार्ट स्टोर के विरोध में बंद रहे जम्मू के बाजार

विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू। रिलायंस स्मार्ट स्टोर खोलने के विरोध में बुधवार को जम्मू शहर के सभी बाजार बंद रहे। जरूरी और गैर जरूरी सामान की सभी दुकानें बंद रखकर व्यापारियों ने विरोध जताया। हालांकि जम्मू बंद का असर शांतिपूर्ण रहा। शहर में चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के बैनर तले व्यापारियों ने चैंबर कार्यालय के बाहर सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। बंद को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सार्वजनिक वाहनों के बहाल रहने से यातायात सुचारू रहा। चैंबर प्रधान अरुण गुप्ता ने कहा कि बंद सफल रहा है और भविष्य में भी अगर व्यापारियों की मांगों पर गौर नहीं किया गया तो आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। चैंबर का उद्देश्य किसी भी तरह से सरकार का विरोध करना नहीं है, लेकिन इस नाराजगी के पीछे सरकार की व्यापारियों के प्रति एकतरफा नीतियां कारण हैं। व्यापारियों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने दावा किया कि जम्मू के अलावा सांबा, पुंछ, रियासी, राजोरी, उधमपुर, किश्तवाड़ और डोडा से बंद के समर्थन को लेकर अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। सरकार को जम्मू और व्यापारियों से जुड़ी मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए। बंद के आह्वान को अभूतपूर्व समर्थन ने चैंबर को जम्मू के लोगों के लिए न्याय सुनिश्चित करने के अपने प्रयासों को जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया है। अनुच्छेद 370 के निरस्त होने से पूर्व की तरह चैंबर जम्मू के हितों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
विज्ञापन

--
दवा की दुकानें बंद
शराब की खुली रहीं
जम्मू बंद के दौरान शहर की अधिकांश दवा की दुकानें बंद रहीं। जीएमसी के बार कुछ दुकानें खुली रहीं, लेकिन शालामार अस्पताल के बाहर अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद थे। इससे मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। शहर के विभिन्न हिस्सों से मरीजों को दवा के लिए जीएमसी तक जाना पड़ा। यहां सरकारी दवा की दुकानें भी खुली थीं। सार्वजनिक वाहनों के जारी रहने के बावजूद आम दिनों के मुकाबले अस्पतालों की ओपीडी में कम मरीज पहुंचे। लेकिन अस्पतालों के बाहर अधिकांश दुकानें बंद रहने से मरीजों को परेशानी हुई। जेके केमिस्ट एसोसिएशन ने बंद को पूर्ण समर्थन दिया था। जेके केमिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले दवा विक्रेताओं ने प्रदर्शनी मैदान के बाहर सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के संयोजक रोहित शर्मा ने कहा कि दवा विक्रेताओं ने जम्मू बंद के समर्थन में स्वैच्छिक तौर पर प्रतिष्ठान बंद रखे। सरकार अगर सौ लोगों को रोजगार देने की बात कह रही है तो उसे देखना चाहिए कि इससे एक हजार लोग प्रभावित न हों। रिलायंस स्मार्ट स्टोर खुलने से दवा क्षेत्र में भी बेरोजगारी बढ़ेगी। अगर सरकार ऐसा करना चाहती है तो हमें भी विशेष कीमतें दी जाएं। दवा की कीमतों पर दोहरी नीतियां न अपनाई जाएं, जिससे मरीज के साथ दवा विक्रेता प्रभावित हो। इस बीच शहर में शराब की दुकानें खुली रहीं, जिन पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।
--------------
वेयर हाउस में रहा सन्नाटा, व्यापारियों
ने गो बैक रिलायंस के लगाए नारे
जम्मू बंद के समर्थन में बुधवार को प्रदेश की सबसे बड़ी अनाज मंडी वेयर हाउस बंद रही। व्यापारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। गो बैक रिलायंस के नारे लगाए गए। व्यापारियों ने काली पट्टियां बांधकर विरोध जताया।
विज्ञापन

ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस नेहरू मार्केट के प्रधान दीपक गुप्ता ने कहा कि रिलायंस जैसी बड़ी कंपनियों के जम्मू में स्मार्ट रिटेल स्टोर खुलने से छोटे कारोबारी पूरी तरह से बर्बाद हो जाएंगे। सैकड़ों छोटी दुकानें बंद हो जाएंगी। सरकार से छोटे व्यापारियों को बचाने की अपील की जा रही है, उल्टा उनके व्यवसाय को बंद करने की नीतियां अपनाई जा रही हैं। अगर सरकार ने भविष्य में रिलायंस स्टोर खोलने पर काम किया तो व्यापारी वर्ग बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि जम्मू बंद को व्यापारियों ने पूर्ण समर्थन देकर साबित कर दिया है कि वे किसी भी लड़ाई के लिए तैयार हैं। प्रदर्शन में पृथ्वी पाल गुप्ता, कीर्ति गुप्ता, राजेश भगोत्रा, मुनीश महाजन, शाम लाल लंगर आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें