जम्मू। शहर में संक्रमण को रोकने के लिए पुलिस ने कोरोना कर्फ्यू में सख्ती करनी शुरू कर दी है। दिन में मोबाइल वैनों के माध्यम से लोगों पर नजर रखी गई। सड़कों पर घूमने वाले लोगों से पूछताछ की गई। बिना कारण घर से निकले लोगों को वैन में डालकर थाने ले जाकर चेतावनी देकर छोड़ा गया।
बुधवार सुबह छह से दस बजे तक दुकानों पर भीड़ रही। दस बजते ही दुकानों के शटर बंद हो गए। पुलिस मोबाइल वैनों के आने के बाद सड़कें सुनसान हो गईं। इक्का-दुक्का लोग ही दिखे। शहर के अति व्यस्ततम चौक महेशपुरा, ज्यूल, डोगरा चौक, बिक्रम चौक सुनसान रहे। बिना कारण वाहनों में निकले लोगों को रोका गया। उधर, नरवाल फल-सब्जी मंडी में भी सुबह भीड़ रही। मंडी सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक खुली रही। वेयर हाउस में सामान लेने के लिए मारामारी रही। हालांकि दिहाड़ीदारों को सुबह दस बजे तक ही काम मिल पाया।