दोमाना। नगर निगम के वार्ड-75 के अप्पर संग्रामपुर की गली में बारिश के पानी की निकासी न होने से इसके किनारे बनाई गई नालियां लबालब हो गईं हैं। इनमें गंदा पानी रुक गया है, जिससे बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। वार्ड के रहने वाले जमीत राज, अमित मन्हास, आरएस चिब, राकेश सिंह आदि ने बताया कि 300 मीटर गली में किनारों पर बनी नालियाें की मरम्मत नहीं करवाई जा रही, जिससे बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पाती है, नालियों का सारा गंदा पानी घरों में घुस जाता है। लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग से लेकर स्थानीय पार्षद और मेयर को नाली की मरम्मत करने के लिए कहा है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मेयर चंद्र मोहन गुप्ता खुद इस गली का निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन समस्या हल नहीं हो पाई। स्थानीय लोगों ने जल्द नालियों की मरम्मत करवाने की मांग की है।
वार्ड-75 के पार्षद घार सिंह चिब ने कहा कि नाली की मरम्मत के लिया शहरी पर्यावरण इंजीनियरिंग विभाग को अवगत करवाया गया है। जल्द ही समस्या को हल किया जाएगा।