जम्मू। प्रदेश में डीएसपी सहित दो लोगों की कोरोना से मौत हुई है। डीएसपी को जीएमसी जम्मू में छह नवंबर को संक्रमित होने पर भर्ती किया गया था, हालांकि 18 नवंबर को उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन अन्य शारीरिक और पोस्ट कोविड समस्याओं के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई, जिससे सोमवार को उनकी मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर में बीते 24 घंटों में 160 नए संक्रमित मामले मिले हैं, चिंता यह है कि दोनों संभागों में सभी मामले स्थानीय स्तर के हैं।
राजधानी श्रीनगर में सर्वाधिक 59 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसी जिले में सबसे अधिक 573 सक्रिय मामले हैं। बारामुला में 38 नए संक्रमितों के साथ 349 सक्रिय मामले पहुंच गए हैं। गांदरबल में दस नए मामले मिले हैं। जम्मू में 19 स्थानीय स्तर के संक्रमित मिले हैं। प्रदेश के सभी जिलों में सक्रिय मामले मौजूद हैं। कश्मीर के बारामुला के नंबरदार मोहल्ला बरामुन और अलसाफा कॉलोनी को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इन जोन में आपात और आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी आवाजाही पर पाबंदी रहेगी। इन जोन में 100 फीसदी सैंपलिंग और टेस्टिंग की जाएगी।
जिला रामबन, किश्तवाड़, सांबा, कठुआ, उधमपुर, शोपियां, कुलगाम में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला है। प्रदेश में सक्रिय मामलों का आंकड़ा 1665 पहुंच गया है। अब तक प्रदेश में 4462 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है।
-------
लद्दाख में 16 संक्रमित मिले
जम्मू। लद्दाख में 16 नए कोविड संक्रमित मामले मिले हैं। राहत यह है कि पिछले चौबीस घंटे में लद्दाख में कोई संक्रमित मरीज की मौत नहीं हुई है। लद्दाख में मौजूदा 230 सक्रिय मामले हैं, जिसमें 219 लेह और 11 कारगिल में हैं।