जम्मू। त्योहारी सीजन में भी अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू न होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। किसान अंदोलन के कारण ट्रेन और कोरोना महामारी के कारण बस सेवा बंद होने से लोगों को त्योहारी सीजन में यातायात का उचित साधन नहीं मिल पा रहा। निजी ट्रांसपोर्टर यात्रियों से मनमाना किराया वूसल रहे हैं। बीते मार्च महीने से प्रदेश से अंतरराज्यीय बस सेवा बंद है, जबकि दो महीने से ट्रेनें भी बंद पड़ी हैं।
जम्मू में बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के लोग नौकरी करते हैं। त्योहरी सीजन में अपने घरों को जाने के लिए इन लोगों को 10 से 15 हजार रुपये किराया देकर निजी वाहन बुक कर जाना पड़ रहा है। जम्मू से कठुआ रूट की बसों में लोग लखनपुर तक सफर करते हैं, वहां से फिर अन्य राज्यों के नंबरों की बसों में अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं।
---------
जम्मू बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़
जम्मू बस स्टैंड पर बाहरी राज्यों को जाने वालों के साथ कश्मीर जाने वाले लोगों की भीड़ है। सार्वजनिक यातायात की कमी होने से लोगों निजी ट्रांसपोर्टरों को दोगुना किराया देकर सफर कर रहे हैं। उत्तरप्रदेश जाने वाले दिलीप कुमार, सन्नी, मोहन पांडे, सचिन सिंह आदि ने कहा कि ट्रेनें बंद हैं, सड़क मार्ग से बसें नहीं मिल रही हैं, निजी ट्रांसपोर्टर मनमाना किराया वसूल रहे हैं। मांग की कि जम्मू-कश्मीर सरकार को अब अतंरराज्यीय बस सेवा शुरू कर देनी चाहिए।