जम्मू। हाल ही में हुई तेज बारिश से शहर में सड़कों की हालत बिगड़ गई है। अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं या फिर सड़कों से तारकोल गायब हो चुकी है। कालिका कॉलोनी के पास सड़क नाले में बह गई है। इस कारण दुर्घटना होने का अंदेशा बना हुआ है। नरवाल के पास भी सड़क खस्ताहाल हो गई है। महेशपुरा चौक के पास भी सड़क से तारकोल गायब हो गई है। सड़क में पत्थर-पत्थर आ गए है। इस कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पलौड़ा ज्यूल चौक सड़क का भी हाल ऐसा ही है। यहां पर भी बीच रास्ते से तारकोल गायब हो गई है। सड़क में बड़े गड्ढे हो गए है।
सतवारी-बेलीचराना लिंक रोड भी बारिश के कारण बीच-बीच में बह गया है। इस कारण वाहन चालकों को संभल कर गुजरना पड़ रहा है। इन सड़कों की हालत सुधारने के लिए अभी तक कोई भी कार्रवाई आरंभ नहीं हुई। कालिका कॉलोनी में रहने वाले सुंदर सिंह, अब्दुल और हनी ने बताया कि बारिश के कारण नाला उफान पर था, जिससे सड़क को नुकसान हुआ है। इसी तरह नानक नगर, शास्त्री नगर के अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी सड़कों को बारिश से नुकसान हुआ है।
उधर, सामाजिक कार्यकर्ता सुदर्शन चौधरी ने कहा कि जम्मू शहर में 26 अगस्त को 90 मिनट की हुई पहली बारिश ने तबाही मचा दी है। इसे सभी सड़कें, ट्रैक और पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए। वार्डों में लगभग सभी सार्वजनिक सुविधाओं और उपयोगिताओं की शर्तों को हर सड़क के निर्माण, मरम्मत और रखरखाव के काम की गुणवत्ता के साथ जाना जाता था।