जम्मू। तवी नदी में कूद कर जान देने वाले जानीपुर के युवक अक्षय कुमार का रविवार को संस्कार कर दिया गया। परिवार अक्षय की मौत को लेकर काफी दुख और रोष में है। परिजनों ने इंसाफ की गुहार भी लगाई है। जानीपुर के अक्षय ने चार दिन पहले तवी नदी में छलांग लगा दी थी। तवी में कूदने के तुरंत बाद अक्षय का एक वीडियो वायरल हो गया। जिसमें वह कहता दिख रहा है कि वह पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर ऐसा करने जा रहा है। मई 2019 से अक्षय पर जानीपुर पुलिस स्टेशन में दुष्कर्म का केस चल रहा था। इसका अभी ट्रायल चल रहा था। कुछ समय पहले अक्षय पैरोल पर आया था। अक्षय के परिवार का कहना है कि जिस महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया, वह अक्षय को तंग कर रही थी। साथ ही अक्षय पर झूठा केस बनाया था। ऐसा वह अपनी वीडियो में भी कह चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लापता युवकों को परिवार से मिलाया
जम्मू। त्रिकुटा नगर पुलिस ने रविवार को राजोरी के दो युवकों को उनके परिवार से मिलाया। राजोरी जिला पुलिस ने जम्मू पुलिस को जानकारी दी थी कि पुंछ के सुरनकोट का रहने वाला 19 वर्षीय जावेद इकबाल और राजोरी के पलमा का रहने वाला 15 वर्षीय मोहम्मद शफाकत घर से लापता हो गए हैं। त्रिकुटा नगर पुलिस को इसके लिए विशेष रूप से सूचित किया गया। रविवार को पुलिस ने दोनों युवकों को रेलवे स्टेशन जम्मू से पकड़ लिया। दोनों को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिवार को सौंप दिया गया।