जम्मू। कोट भलवाल हाउसिंग कॉलोनी में जेडीए की ओर से आवंटित 409 प्लॉटों में से 127 जम्मू-अखनूर रिंग रोड के बीच में आ गए हैं। जेडीए की करीब 70 कलान जमीन को रिंग रोड के दायरे में लिया गया है। अब लाभार्थियों को प्लॉट लेने के लिए फिर लंबा इंतजार करना पड़ेगा।
हालांकि अभी तक 282 प्लॉट ही आवंटित हो पाए हैं। इनकी हद रिंग रोड से दूर है। अब जेडीए ने 127 लाभार्थियों को प्लॉट देने के लिए रिंग रोड के आसपास ही जगह का चयन करना शुरू कर दिया है। प्लॉट के लिए राशि पहले ही जमा करवाई जा चुकी है।
हाउसिंग कॉलोनी निर्माण पर काम 2016 में शुरू हुआ था। फरवरी, 2020 को प्लॉट आवंटित किए गए। मार्च में आवेदकों ने अपना कब्जा भी ले लिया। अब रिंग रोड आने के कारण यहां से प्लॉट आवंटन रद्द कर दिया गया है।
इससे पहले यहां पर कॉलोनी निर्माण के लिए नाले, नालियों, बिजली के खंभों समेत पानी की सुविधा दी जा चुकी है। अब दोबारा जमीन तलाश करने और आवंटन में छह माह का समय लग सकता है। वहीं, लाभार्थी भी रिंग रोड के आसपास ही जमीन की मांग कर रहे हैं।
-----
हाउसिंग कॉलोनी के लिए
है 300 कनाल जमीन
कोट भलवाल में 300 कनाल में हाउसिंग कॉलोनी का निर्माण किया गया है। इसमें 1250, 1500 और 1800 स्क्वायर फुट के प्लॉट है। प्रति प्लॉट की कुल लागत 40, 60 और 80 लाख रुपये के बीच है। आवेदकों ने इसके लिए राशि जमा करवा दी है।
---
जम्मू-अखनूर रिंग रोड बीच से निकलने के कारण 127 प्लॉटों का आवंटन अब नए सिरे से किया जाएगा। इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है। शेष प्लाटों का आवंटन लाभार्थियों को कर दिया गया है।
- पवन गुप्ता, एक्सईएन, जेडीए, जम्मू
--------