प्रधानमंत्री स्टूडेंट स्पेशल स्कालरशिप योजना (पीएमएसएसएस) के तहत काउंसलिंग सत्र को अब 18 जुलाई के बजाय 25 जुलाई से शुरू किया जा रहा है। इसमें जम्मू-कश्मीर के बारहवीं में उत्तीर्ण हुए मेधावी विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों के कालेजों में इंजीनियरिंग, बीएससी एग्रीकल्चर, नर्सिंग सहित अन्य जनरल कोर्स करने का मौका दिया जाएगा। संभागभर के आवेदकों के लिए महिला कालेज गांधीनगर में काउंसलिंग सेशन चलेगा। इसके लिए करीब 3700 आवेदन आए हैं।
सूत्रों के अनुसार कश्मीर में खराब हालात के चलते काउंसलिंग सत्र की तिथि को आगे किया गया है। जम्मू और श्रीनगर में संभाग स्तर पर एक साथ काउंसलिंग सत्र शुरू किया जाता है। कश्मीर में संभाग स्तर पर श्रीनगर के अमर सिंह कालेज में काउंसिलिंग सेशन का आयोजन किया जाना है। लेकिन वहां अधिकांश जिलों में लगातार कर्फ्यू के चलते ऐसा संभव नहीं है। जिससे तिथि को आगे बढ़ाया गया है।
आगामी दिनों में हालात में सुधार न होने की सूरत में काउंसलिंग सेशन को स्थगित किया जा सकता है। काउंसलिंग सेशन में दस्तावेजों को जांचने के साथ अन्य प्रक्रिया को आनलाइन मुकम्मल किया जाता है। लेकिन राज्य में पिछले कई दिन से इंटरनेट सेवा बंद होने से लगभग सभी आनलाइन व्यवस्थाओं पर असर पड़ रहा है।
महिला कालेज गांधीनगर में काउंसिलिंग सेशन को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। इसमें आवेदनकर्ताओं के साथ उनके अभिभावकों की काउंसिलिंग की जाती है, जिसमें क्वालीफाई करने वाले विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों के कालेजों में आरक्षित कोटा दिया जाता है।