पिछले साल कश्मीर की हसीन वादियों में बनाई गई सलमान खान की फिल्म बजरंगी भाई जान ने बॉक्स आफिस पर रिकार्ड तोड़ डाले। इन्हीं वादियों में आशिकी फेम आदित्य रॉय कपूर और कैटरीना कैफ की फिल्म फितूर का सरूर भी दर्शकों के सिर चढ़ कर बोला, लेकिन इस बार कश्मीर में बजरंगी भाई जान और फितूर जैसी किसी बड़ी फिल्म की शूटिंग कश्मीर में नहीं हुई। न ही मौजूदा हालातों से दिख रहा है कि अगले छह महीने में भी किसी बड़ी फिल्म की शूटिंग कश्मीर में होगी।
ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के बॉलीवुड को कश्मीर में लाने की कवायद को भी धक्का लगा है। 2015 में मुफ्ती ने शाहरुख खान, विधु विनोद चोपड़ा, अनुपम खेर जैसे दिग्गज सितारों को कश्मीर आने का न्योता दिया, लेकिन कश्मीर की ताजा हिंसा ने मुफ्ती के सपनों को भी धक्का दिया है।
सुलगते कश्मीर में पर्यटक तक कश्मीर में रुकना पसंद नहीं कर रहे। ऐसे में इस साल बॉलीवुड की किसी फिल्म का कश्मीर में शूट होना संभव नहीं दिख रहा। पिछले कुछ साल में कई बेहतरीन फिल्में इनमें जब तक है जान, यह जवानी है दीवानी आदि फिल्में भी शूट हुई हैं।