लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी प्रदेश भाजपा ने वीरवार को जम्मू संभाग में कई स्थानों से लेकर कश्मीर में भी मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रमों का आयोजन कर कार्यकर्ताओं में चुनाव जीत के लिए जोश भरा। कार्यक्रमों में नमो एप से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकर्ताओं से संवाद भी दिखाया गया।
श्रीनगर में महासचिव संगठन अशोक कौल की मौजूदगी में होटल कोंगपोश श्रीनगर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कौल ने चुनाव जीतने के लिए बूथ मजबूत करने के महत्व को दर्शाने के अलावा मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर श्रीनगर के जिला अध्यक्ष आरिफ राजा, पूर्व वाइस चेयरमैन डॉ. अली मोहम्मद मीर, वरिष्ठ नेता अशरफ आजाद, राज्य प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर आदि भी मौजूद रहे।
जम्मू के रिहाड़ी में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में लोकसभा चुनाव में जीत के लिए बूथ को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव अभियान में भाजपा के लिए बूथ को मजबूत बनाना सबसे अहम है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वह प्रयास करें कि चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाता मतदान करें। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी मुनीश शर्मा ने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत होकर ही चुनाव जीता जा सकता है।
इस अवसर पर एमएलसी रमेश अरोड़ा, प्रमोद कपाही, सतीश शर्मा, प्रभात सिंह, प्रद्युमन सिंह, संजय बडू़, पवन शर्मा, राजिंद्र शर्मा, अरविंद गुप्ता मौजूद रहे। वहीं, सिटी पैलेस जम्मू में सांसद शमशेर सिंह मन्हास की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ। इसमें महासचिव युद्धवीर सेठी, पूर्व मंत्री प्रिया सेठी आदि नेता मौजूद रहे। इसके अलावा भी विधानसभा क्षेत्र स्थल पर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।