देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जम्मू-कश्मीर के अपने पहले दौरे पर 11 अक्तूबर को आएंगी। कश्मीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वह 12 अक्तूबर को लौट जाएंगी। प्रशासनिक स्तर पर राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। कार्यक्रम स्थल के आसपास के इलाकों में रूट डायवर्जन भी रहेगा।
सूत्रों ने बताया कि 11 अक्तूबर को कश्मीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के साथ इसी दिन शाम को उनके सम्मान में डल झील के किनारे लाइट एंड साउंड शो, राजभवन में उनके सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन प्रस्तावित है। कुछ अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं, जिसमें सैन्य अधिकारियों से बातचीत के साथ ही हाल के दिनों में बलिदानी सैनिकों को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम भी है।
कश्मीर विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर प्रो. नीलोफर खान ने बताया कि 11 अक्तूबर को दीक्षांत समारोह कन्वोकेशन कांप्लेक्स में होगा। दीक्षांत भाषण के बाद राष्ट्रपति वर्ष 2020 के बाद के मेधावियों को सम्मानित करेंगी। कार्यक्रम में 473 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल व एमफिल व पीएचडी की डिग्री दी जाएगी। समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
वीवीआईपी दौरे की तैयारियां शुरू
सूत्रों ने बताया कि अभी राष्ट्रपति के दौरे का विस्तृत कार्यक्रम तय नहीं हुआ है, लेकिन तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वीवीआईपी दौरे के मद्देनजर कश्मीर संभाग के विभिन्न जिलों से सुरक्षा कर्मियों को बुलाकर तैनात किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर जम्मू संभाग से भी तेज तर्रार अफसरों को लगाया जा सकता है। ज्ञात हो कि इससे पहले जम्मू- कश्मीर और लद्दाख का दौरा मई में प्रस्तावित था। कुछ समय पहले उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने जम्मू का दौरा किया था। वह जम्मू विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी शामिल हुए थे।