रेशम घर में एम्स की तर्ज पर स्थापित सुपर स्पेशिलिटी में मंगलवार तीसरे दिन भी अस्पताल की आधे हिस्से में बिजली सप्लाई ठप रही। गत रविवार को अस्पताल के यूपीएस बैंक में 117 बैटरियों में आग लगने से अस्पताल का स्पोर्टिंग बैकअप सिस्टम बैठ गया है। जिससे आईसीयू, गेस्ट्रोइंट्रोनोलाजी, न्यूरो, प्रशासनिक, रेडियोलॉजी ब्लाक बंद में बिजली बहाल नहीं हो पाई है।
अस्पताल के सभी छह आपरेशन थियेटरों को फिलहाल बंद रखा गया है। दो दिन से दर्जनों आपरेशन न होने से मरीजों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। इस बीच यूपीएस बैंक से सभी जली हुई बैटरियों को बाहर निकाला गया।
यूपीएस बैंक के राख हो जाने से अस्पताल के विंग ए और विंग बी के आधे हिस्से में अभी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो पाई है। इस हिस्से में ओपीडी भी चलती है। जिसे दूसरे वार्डों में शिफ्ट किया गया है।
अस्पताल के यूपीएस स्पोर्टिंग सिस्टम न होने के कारण सभी छह आपरेशन थियेटरों को बंद रखा गया है। अस्पताल में रोजाना सीटीवीएस, कार्डियो, यूरोलाजी, न्यूरो में आपरेशन किए जाते हैं। इसके लिए मरीजों को महीनों की तिथि दी जाती है।
लेकिन बिजली सप्लाई ठप होने के कारण आपरेशन न होने से मरीजों की परेशानी भी बढ़ गई है। अस्पताल के अधीक्षक डा. रोमेश गुप्ता के अनुसार बिजली सप्लाई बहाल करने के लिए उचित प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीद है एक दो दिन में सारी सप्लाई सामान्य हो जाएगी।