डाक विभाग अपनी बैंकिंग सेवाओं को आधुनिक करने के क्रम में जल्द ही जम्मू कश्मीर में कोर बैंकिंग शुरू करेगा। चीफ पोस्ट मास्टर जनरल चंद्र प्रकाश ने बताया कि दिसंबर माह तक यह सेवा चुनिंदा डाकघरों में शुरू हो जाएगी।
इसके लिए देश की विख्यात आईटी कंपनी इन्फोसिस काम कर रही है। अन्य बैंकों की तरह सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए डाक विभाग पहले चरण में रियासत में 13 एटीएम लगाएगा।
बाद में इन एटीएम का विस्तार किया जाएगा। बैंक अकाउंट धारकों को एटीएम प्रदान करने की प्रक्रिया भी शुरू है। कोर बैंकिंग सेवा शुरू होने से डाक विभाग के ग्राहकों के अलावा पेंशन धारकों को भी लाभ मिलेगा।
विभाग इन दिनों राष्ट्रीय डाक सप्ताह मना रहा है। चीफ पोस्ट मास्टर जनरल ने कहा कि लोगों को बेहतर डाक सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए डाकघरों का आधुनिकीकरण तेजी से चल रहा है।
इसके अलावा माडर्न डाकघर बनाने का काम भी चल रहा है। इलेक्ट्रानिक मनी आर्डर सेवा देशभर में लागू हो चुकी है। इसका लाभ लोगों को मिल रहा है।
हालांकि उन्होंने माना कि ई-मेल सेवा शुरू होने से डाक सेवाओं पर थोड़ा असर पड़ा है, लेकिन जिस तेजी से देश की जनसंख्या बढ़ी है, उससे संतुलन बना हुआ है।
कुछ इलाकों में डाक कर्मियों द्वारा डाक बांटने में लापरवाही किए जाने पर उन्होने कहा कि ऐसी शिकायत उनके पास नहीं पहुंचीं है। यदि ऐसा कुछ है तो लोग शिकायत करें, आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।