आरएस पुरा। भाजपा नेता एवं पंचायत कोटली शाहदौला के सरपंच बद्रीनाथ शर्मा ने शुक्रवार को पार्टी की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। वह भाजपा लाइजन कमेटी के जिला प्रधान के साथ गुड गवर्नेंस के जिला को-ऑर्डिनेटर भी थे। अपने निवास पर प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में पूरी तरह नाकाम रही है। इससे आहत होकर आज वह पार्टी छोड़ रहे हैं।
सरपंच ने कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता का जीना मुहाल हो गया है। पंचायत स्तर पर विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हुए हैं और आम लोगों को सरकार की योजनाओं का कोई भी लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि पार्टी में लगातार बढ़ती गुटबाजी भी विकास कार्यों में बाधा बन रही है। उन्होंने कहा कि अपने समर्थकों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद वह कोई फैसला लेंगे और जो पार्टी लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में कामयाब रहेगी उसका ही दामन थामेंगे। बता दें कि बीते दिनों भी भाजपा युवा मोर्चा के नेता अनिल शर्मा ने पार्टी से त्यागपत्र दिया था।