भारत सरकार और सेना के समर्थन में नारेबाजी कर ख़ुशी जताते सीमावर्ती लोग।
सांबा। पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में मंगलवार देर रात नौ जगहों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत एयर स्ट्राइक की। इस दौरान कई आतंकी ठिकाने ध्वस्त हुए व कई आतंकियों को मार गिराया गया।
पाकिस्तान पर हमले के बाद लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। पाकिस्तान के घर में घुसकर उसके द्वारा पाले जा रहे आतंकियों को मार गिराने की ख़ुशी हर भारतवासी के चेहरे पर देखी जा रही है। सांबा के सीमावर्ती गांव बैनगलाड़ के लोगों ने भारत सरकार और सेना के समर्थन में नारेबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की। गांव के स्थानीय निवासी ओमकार चंद, रतनचंद, सांझीराम, पृथीपाल सिंह, बोधराज, दीवानचंद और रामदास ने कहा कि पिछले 70 सालों में किसी भी सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ इतने बड़े स्तर पर कार्रवाई नहीं की। उन्हें ख़ुशी है कि सरकार के आदेश पर सेना ने कार्रवाई कर पाकिस्तान को सबक सिखाया और पहलगाम हमले पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाके के लोग पिछले चार दशकों तक पाकिस्तान की गोलाबारी के कारण जानमाल का नुकसान और पलायन झेलते रहे। सीमावर्ती लोगों की यही मांग रही थी कि पाकिस्तान को एक बार उसकी भाषा में ही जवाब दिया जाए। आज पाकिस्तान पर हमला कर आतंक को कुचलने का जो काम सरकार और सेना ने किया है, उसको लेकर लोगों में भारी खुशी है। लोगों ने कहा कि किसी भी मुश्किल हालात में सीमावर्ती इलाके के लोग सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ देंगे।
07 एसबीए 01 : भारत सरकार और सेना के समर्थन में नारेबाजी कर खुशी जताते सीमावर्ती लोग।