आरएस पुरा। विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह ने आरएस पुरा उप जिला अस्पताल का दौरा कर वहां पर आपातकाल में मुहैया करवाए जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
ब्लॉक मेडिकल अधिकारी मोनिका कोतवाल ने घायलों के उपचार के लिए प्रबंधों के बारे में जानकारी देने के साथ एंबुलेंस सहित अन्य चिकित्सा सुविधाओं की तैयारियों के बारे जानकारी दी। वहीं विधायक डाॅ. नरेंद्र सिंह एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसडीएम अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों व क्षेत्र के बुद्धिजीवियों के साथ विचार-विमर्श कर की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह ने कहा कि पहलगाम में मारे गए देश के बेगुनाह लोगों का बदला लेने की मंशा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान में आतंकियों के चल रहे शिविर में मिसाइल हमला कर कड़ा जवाब दिया है। देश के लोगों को भरोसा है कि पाकिस्तान की ओर से चलाया जा रहा आतंकवाद खत्म किया जाएगा। इस दौरान अन्य विभागों के अधिकारी व कई सामाजिक संगठनों के लोग भी मौजूद थे।