परिवहन मंत्री और एसोसिएशन के बीच बैठक के बाद सुलझा विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। परिवहन मंत्री सतीश शर्मा और ऑल जम्मू एंड कश्मीर ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा था। बुधवार को हुई बैठक के बाद दोनों पक्षों में सुलह हो गई। एसोसिएशन ने प्रस्तावित हड़ताल का फैसला भी वापस ले लिया। मंत्री ने भी एसोसिएशन के सदस्यों की मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
मंगलवार को एसोसिएशन के सदस्यों ने आरोप लगाया था कि मंत्री ने उनके साथ मुलाकात के दौरान दुर्व्यवहार किया। अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसके विरोध में प्रेस वार्ता कर शुक्रवार तक सार्वजनिक माफी मांगने का समय दिया। ऐसा न करने पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी दी। मंत्री की ओर से भी बयान सामने आया था, जिससे तल्खी और बढ़ गई थी। हालांकि विवाद ज्यादा आगे बढ़ता उससे पहले ही बुधवार को दोनों पक्ष आमने-सामने बैठे। बैठक के बाद एसोसिएशन सदस्य परमिंद्र सिंह ने वीडियो जारी कर बताया कि दोनों तरफ से दिए गए बयानों को पीछे छोड़कर सकारात्मक माहौल में चर्चा हुई। उनके अनुसार मंत्री ने ट्रांसपोर्टरों के मुद्दों को जायज माना और समाधान का भरोसा दिया। बैठक में मंत्री ने आश्वासन दिया कि जम्मू के ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन में अगले चार महीने तक ऑफलाइन शुल्क जमा करने की सुविधा रहेगी। साथ ही किराया बढ़ोतरी से संबंधित फाइल कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेज दी गई है। मंजूरी मिलते ही नई दरें लागू की जाएंगी।