जम्मू। अनुच्छेद 370 हटाने की पहली वर्षगांठ पर भाजपा पांच से 20 अगस्त तक जश्न मनाएगी। पार्टी ने कार्यक्रमों का कैलेंडर भी जारी कर दिया है।
हालांकि भाजपा के सभी कार्यालयों और अन्य प्रमुख स्थलों पर दीपमाला 2 अगस्त से शुरू हो जाएगी। पार्टी जश्न के कार्यक्रमों में चीन निर्मित किसी सामान का प्रयोग नहीं करेगी। यहां तक कि दीपमाला भी स्वदेशी दीयों से होगी।
बुधवार को भाजपा मुख्यालय में महासचिव संगठन अशोक कौल की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस निर्णय से नेताओं को अवगत करवा दिया गया। हालांकि वर्चुअल रैलियों जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व अन्य भाजपा के बड़े नेताओं को संबोधित करना है, उनकी फिलहाल घोषणा नहीं की गई।
कैलेंडर के अनुसार कार्यक्रम
पांच अगस्त को प्रदेश में प्रमुख स्थलों के अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। इस दिन ही शाम को सभी रोटरी के अलावा घरों में दीप माला की जाएगी। छह से 10 अगस्त तक मंडल स्तर पर संवाद का कार्यक्रम चलेगा। 11 और 12 अगस्त को हीरानगर, ज्यौड़ियां, सुंदरबनी, रामबन व अन्य स्थानों पर प्रजा प्ररिषद के आंदोलकारियों के शहीदी स्थलों पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। 13 और 14 अगस्त को सुरक्षा बलों के शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। 15 अगस्त को बूथ व मंडल स्तर पर स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। 16 और 17 अगस्त को स्वच्छता अभियान कार्यक्रम आयोजित होंगे। 18 अगस्त को वृद्ध आश्रमों में सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 19 अगस्त को बाल आश्रमों में सेवा कार्यक्रम होंगे। 20 अगस्त को प्रजा परिषद के आंदोलनकारियों के सम्मान समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। बैठक में उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी, असीम गुप्ता, महासचिव डॉ. डीके मनेयाल, पूर्व एमएलसी विक्रम रंधावा, मोर्चा प्रभारी मुनीश शर्मा, सचिव अरविंद गुप्ता, तिलक राज गुप्ता, लाइब्रेरी प्रभारी कुलभूषण महोत्रा भी मौजूद रहे।