आरएस पुरा। कृषि विज्ञान केंद्र में सोमवार को पीएम किसान सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें जम्मू संभाग के जिलों से आए किसान शामिल हुए। सम्मेलन में सांसद जुगल किशोर शर्मा मुख्य अतिथि रहे।
उन्हाेंने कहा कि केंद्र सरकार देश के किसानों के विकास तथा बेहतरी के लिए काम कर रही है। सरकार ने आज से देश भर में 600 के करीब खाद केंद्र खोल दिए हैं, जिसका किसानों को काफी फायदा होगा। खाद के साथ-साथ उन्हें इन केंद्रों पर कृषि से जुड़ी जानकारियां भी मिल सकेंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नई दिल्ली में किसानों को किए गए संबोधन को भी वर्चुअल तरीके के साथ देखा गया।
उपकुलपति डॉ. जेपी शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने का कार्य कृषि विभाग तथा शेर ए कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय कर रहा है। किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है। इस दौरान डीडीसी सदस्य प्रो. गारू राम भगत, डीडीसी विद्या मोटन, मनमोहन कालिया सहित विभिन्न पंचायतों के सरपंचों पंचों शायद काफी बड़ी संख्या में किसान भी मौजूद थे।
फोटो
सरकार लोगाें के कल्याण के लिए लागू कर रही योजनाएं
जुगल किशोर शर्मा ने सीमा क्षेत्र परगवाल में जन शिकायत निवारण शिविर में सुनीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
परगवाल। सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनता की समस्याओं और मुद्दों को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार जनता की भलाई और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। उनके कल्याण के लिए नई-नई योजनाएं लागू कर रही है। देश की जनता को इसका लाभ भी मिल रहा है।
सांसद सोमवार को सीमा क्षेत्र परगवाल में मंडल अध्यक्ष बलविंदर सिंह की अध्यक्षता में जन शिकायत निवारण शिविर में बोल रहे थे। इस मौके पर क्षेत्र के गांवों से पहुंचे लोगों ने सांसद को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इसमें मुख्यता बिजली, पानी, सिंचाई, सड़कों की खस्ताहाल, धान की मंडियों की कमी, स्कूलों में अध्यापकों की कमी, पीएचसी को उपजिला अस्पताल का दर्जा, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अलाट जगह पर मकान बनाने की मंजूरी जैसे कई मुद्दे शामिल रहे। सांसद ने समस्याओं को सुना और अधिकारियों को समाधान करने के लिए कहा। हालांकि कुछ समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया गया।
इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. कृष्ण लाल, डीडीसी सदस्य भूषण बराल, महंत रामेश्वर दास, वीडीसी चेयरमैन निशा कुमारी, सरपंच जसपाल सिंह, भूपेंद्र सिंह, पोली देवी, ओम प्रकाश, जय सिंह, एडीसी रमेश चंद्र, एसडीएम अनिल ठाकुर, तहसीलदार मंजीत सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।