श्रीनगर। श्रीनगर शहर अब हर समय पुलिस की निगरानी में रहेगा और हर आतंकी गतिविधि सहित मददगारों व अराजक तत्वों में नजर रखी जा सकेगी। पुलिस ने हवाई निगरानी को अपग्रेड करने के लिए अत्याधुनिक हाई रेजोल्यूशन ड्रोन को अपने खेमे में जोड़ा है। शहर में कई ड्रोन पहले ही तैनात किए हैं। इस संबंध में श्रीनगर पुलिस के ट्विटर हैंडल द्वारा जारी वीडियो क्लिप के माध्यम से जानकारी दी गई है।
पुलिस ने ट्वीट में लिखा है कि श्रीनगर के संदिग्ध इलाकों में असामाजिक तत्वों, अपराधियों, आतंकवादियों और ओजीडब्ल्यू की तलाश में हवाई निगरानी चल रही है। हाई रेजोल्यूश्श्न कैमरों से लैस आधुनिक ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है। आधिकारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। बताया कि इससे बेहतर पुलिसिंग में मदद मिलेगी।
पुलिस के सूत्रों ने बताया कि नए ड्रोन में हाई रेजोल्यूशन वाले कैमरे हैं, जिनका उपयोग रात और दिन के समय किया जा सकता है। बता दें कि इससे पहले पुलिस स्वतंत्रता दिवस या गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्रीनगर में हवाई निगरानी के लिए यूएवी या ड्रोन का उपयोग करती थी। हालांकि, नियमित आधार पर नए ड्रोन का उपयोग किया जाएगा और ये ड्रोन शहर में अपराध को नियंत्रित करने में काफी मदद करेंगे।