लंदन के होटल में म़ृत पाए गए आरएस पुरा के गांव देरियां निवासी सुशील कुमार के घर बुधवार को जम्मू-पूंछ सांसद जुगल किशोर शर्मा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सुशील के परिजनों से बात कर उन्हें आश्वस्त किया कि उनके बेटे के शव को लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने दुखी परिवार का हाल जाना व परिवार से बेटे के बारे में जानकारी प्राप्त की।
सुशील कुमार के पिता यशपाल चौधरी ने सांसद के समक्ष अपनी समस्या रखी। उन्होंने कहा कि 14 मई को उनको बेटे की मौत की सूचना मिली थी। तब से लगातार वो उसके शव को घर लाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सांसद के समक्ष समस्या को रखते हुए सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द उनके बेटे का शव घर पहुंचे, इसके साथ उसकी मौत के कारणों का भी पता लगाया जाए।
सांसद ने सुशील के परिजनों को हरं संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सुशील का शव देश में लाए जाने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय की और से लंदन में भारतीय दूतावास से संपर्क कर शव को देश में लाए जाने की प्रक्रिया चल रही है, और उम्मीद जताई कि पैतृक गांव में शव लाया जाएगा।
इस दौरान भाजपा नेता व पूर्व एमएलसी विक्रम रंधावा, डीडीसी सदस्य प्रो. गारू राम भगत, बीडीसी चेयरमैन तरसेम लाल भी मौजूद थे। गौरतलब है कि लंदन के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में सुशील का शव मिलने पर होटल प्रबंधन की ओर से परिजनों को उसकी मृत्यु के बारे में जानकारी मुहैया कराई थी, तब से परिजन देश में शव लाए जाने की मांग कर रहे हैं।