ज्यौड़ियां। सांबा जिले की पल्ली पंचायत में 24 अप्रैल को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी पहुंच रहे हैं। उस रोज खौड़ से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। क्योंकि भाजपा की खौड़ की टीम की तरफ से तैयारियां कर ली गई हैं।
बताया जा रहा है कि प्रत्येक बूथ से वाहनों से लोगों को ले जाया जाएगा, जिसकी पूरी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। खौड़ क्षेत्र से 22 मिनी बसें और 40 बसों का बंदोबस्त किया गया है। खौड़ क्षेत्र के लोगों के अनुसार वह भी 24 अप्रैल को पल्ली पहुंचने के लिए उत्साहित हैं। बता दें कि खौड़ की पंचायत मट्टू से किसानों का एक दल पहुंच रहा है, जिसकी किसानों की तरफ से तैयारियां पूरी कर ली हैं। सरपंच सवर्ण सिंह मनहास ने बताया कि किसानों के लिए पगड़ियों का इंतजाम किया गया है।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र सिंह भाऊ ने बताया कि उन्होंने खौड़ ब्लाक के गांव मट्टू, पंगाली, देरियां, भोरपुर सहित आदि गांवों का दौरा किया, जिसमें उन्होंने पाया कि लोग पल्ली पहुंच कर प्रधानमंत्री से मिलने के लिये उत्साहित हैं। दीपक सिंह भाऊ पार्षद ने बताया कि ऐसा पहली दफा हो रहा है कि लोग हमारे पास खुद पहुंच कर पूछ रहे हैं कि हमें भी पल्ली जाना है। हमें ऐसा लग रहा है कि कहीं हमारे पास गाड़ियां कम न पड़ जाएं।
प्रत्येक पंचायत से पांच किसानों को पल्ली ले जाएगा कृषि विभाग
सांबा। जिले के पल्ली में प्रधानमंत्री के दौरे के लिए जिले की प्रत्येक पंचायत से पांच किसानों को कृषि विभाग लेकर जाएगा। विभागीय सूत्रों के अनुसार पल्ली में प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान किसानों को भी शामिल करने के बारे में कृषि विभाग किसानों से संपर्क साध रहा है। प्रत्येक पंचायत के पांच किसानों के फोटो, आधार कार्ड लेकर उनके आई कार्ड बनाए जाएंगे, ताकि वह भी प्रधानमंत्री की बात सुन सकें। किसानों के अनुसार उन्हें अच्छा लगा कि पहली बार ऐसा किया गया है कि वह प्रधानमंत्री की बात सुन सकेंगे। संवाद
सरपंच और पंचों का कराया कोरोना टेस्ट
बाड़ी ब्राह्मणा। गांव पल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश की पंचायतों को संबोधित करेंगे। गांव पल्ली में एक जनसभा को भी वह संबोधित करेंगे। रैली होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंचायत पल्ली के नुमाइंदों के साथ ग्राम सभा करेंगे। इसका लाइव प्रसारण सभी चैनलों पर किया जाएगा। उसी के मद्देनजर सरपंच और पंचों का कोरोना टेस्ट शुक्रवार को कराया गया। इसमें सभी नुमाइंदे निगेटिव पाए गए हैं। टेस्ट गांव पल्ली में बनाए गए सब सेंटर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया गया है। संवाद
प्रधानमंत्री की रैली को सफल बनाने के लिए की बैठक
आरएस पुरा / मीरां साहिब। उपजिले में भाजपा हाईकमान की ओर से अलग-अलग स्थानों पर बैठकें आयोजित करके प्रधानमंत्री की पल्ली पंचायत में हो रही सभा को सफल बनाए जाने के लिए पार्टी के नेता बैठकें कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना व उपाध्यक्ष पूर्व मंत्री चौ. शाम लाल ने मीरां साहिब और सुचेतगढ़ विधानसभा के गांव कलोए में शुक्रवार को बैठक की। रैना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को पल्ली पंचायत पहुंच रहे हैं। वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होकर रैली को कामयाब करें। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सतपाल पप्पी जिला, वरिष्ठ नेता देवराज शर्मा आदि मौजूद रहें। संवाद