ओबीसी अघिकार तिरंगा यात्रा निकालते लोग।
अखनूर। ओबीसी अधिकार तिरंगा यात्रा सोमवार को कस्बे के गांवों से निकाली गई। यात्रा गांव टोक खालसा, जड, नाईवाला, सौहल, पलवां से होती हुई अखनूर पहुंची। जहां तहसीलदार को ज्ञापन दिया और प्रदर्शन करके मांग की कि ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।
यात्रा में शामिल ओबीसी महासभा के अध्यक्ष कस्तूरी लाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा मिले करीब दो साल से अधिक समय होने चुका है। केंद्र सरकार द्वारा अधिकतर कानून लागू किए गए हैं। मगर प्रदेश में मंडल कमीशन की रिपोर्ट लागू नहीं की गई है। ऐसे में पिछड़ी जाति के युवाओं को लाभ नहीं मिल रहा है। पिछड़ी जाति के लोगों ने केंद्र सरकार से कई बार गुहार लगाई है। जम्मू-कश्मीर में मंडल कमीशन की रिपोर्ट लागू की जाए। ताकि क्षेत्र में कई साल से अनदेखी को पिछड़ी जाति युवाओं को अपना हक मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ओबीसी समुदाय के लोगों से 70 साल से भेदभाव किया जा रहा है।
कनवीनर बंसीलाल ने कहा कि कई राज्यों में मंडल कमीशन की रिपोर्ट लागू है। प्रदेश में केंद्र सरकार द्वारा अधिकतर कानून लागू किए गए हैं। मगर पिछड़ी जाति के लोगों की उपेक्षा की जा रही है। तिरंगा यात्रा में उपप्रधान राजकुमार, अमित कुमार, रावेंद्र मंगौत्रा, विजय पांडे, अजय मेहरा, राम लाल, शाम लाल आदि शामिल रहे।