युवाओं ने किया पशु तस्करी के प्रयास को विफल
ज्यौड़ियां। खौड़ के जोगवां क्षेत्र के युवाओं ने सोमवार सुबह करीब तीन बजे पशु तस्करी के प्रयास को विफल किया। स्थानीय पुलिस पर आरोप लगाया कि पशु तस्करी पुलिस की मिलीभगत से हो रही है। युवाओं ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व भाजयुमो के जिला महामंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह तस्करी कई माह से चल रही। इस विषय में कई बार पुलिस चौकी जोगवां को जानकारी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर आज खुद एक नाका लगाया और पलांवाला की तरफ से आ रहे एक लोड कैरियर को रोका, जिसमें पशु लदे मिले। इस तरह से पशु तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। स्थानीय युवाओं ने जोगवां चौकी प्रभारी पर आरोप लगाया कि जिन युवाओं ने पशु तस्करी के प्रयास को विफल किया है उनको जोगवां पुलिस की तरफ से परेशान किया जा रहा है।
खौड़ थाना प्रभारी बलविंदर सिंह ने बताया कि वह मौके पर गए थे। ऑटो में एक पशु लदा था। लोड कैरियर और पशु को कब्जे में ले लिया गया है।
प्रदर्शन में पंच अशोक कुमार, अनिल कुमार, पंच रतन लाल, विकी कुमार, गुलशन कुमार, राजीव कुमार, संजय कुमार, दीपक कुमार, घारू राम, मंगा राम और अन्य शामिल रहे।