फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Jammu Visit: 'अब दूरी मिट चुकी... हम सबको मिलकर ये काम करना है', पढ़ें पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें

Mon, 13 Jan 2025 02:59 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग क्षेत्र में स्थित जेड मोड़ टनल का उद्घाटन किया। उन्होंने टनल के निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों की सराहना कर उनके समर्पण को सलाम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन पर दिए गए भाषण की बड़ी बातें। 
विज्ञापन
pm modi - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग क्षेत्र में स्थित जेड मोड़ टनल का उद्घाटन किया। उन्होंने टनल के निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों की सराहना कर उनके समर्पण को सलाम किया। कहा कि यह टनल उन श्रमिकों के संकल्प की वजह से संभव हो पाई, जिन्होंने कठिन से कठिन परिस्थितियों में काम किया और कभी अपनी जान की परवाह नहीं की। 
विज्ञापन


प्रधानमंत्री मोदी ने टनल के निर्माण में जान गंवाने वाले श्रमिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दुखद घटना के बावजूद कोई श्रमिक घर वापस नहीं गया। उनका समर्पण, देश और राज्य के प्रति प्यार हमें प्रेरणा देता है।

कश्मीर की सुंदरता और समृद्धि पर जोर
प्रधानमंत्री ने कश्मीर को देश का मुकुट और भारत का ताज बताते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि कश्मीर और भी सुंदर और समृद्ध हो। यहां के लोग अपने सपनों को हकीकत में बदलने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने सोनमर्ग की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की सफेद चादर से ढकी पहाड़ियां दिल को प्रसन्न कर देती हैं।
विज्ञापन


सोनमर्ग टनल की महत्ता
प्रधानमंत्री मोदी ने इस टनल को केवल जम्मू-कश्मीर के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि इस टनल के खुलने से अब जम्मू-कश्मीर में यात्रा और व्यापार को नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खुलेंगे।

पुरानी यादें और संघर्ष की बात
प्रधानमंत्री ने अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि उनका इस क्षेत्र से गहरा नाता रहा है। कहा कि जब वह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में काम करते थे, तब इस क्षेत्र में बार-बार आने का मौका मिला था। यहां के लोग बर्फबारी और ठंडी हवा के बावजूद हमेशा गर्मजोशी से स्वागत करते थे।

 

महाकुंभ और त्योहारों का जिक्र
प्रधानमंत्री ने महाकुंभ, लोहड़ी, मकर संक्रांति, और पोंगल जैसे त्योहारों का जिक्र किया और देशभर में उत्सव का माहौल बताया। उन्होंने कहा कि आज प्रयागराज में महाकुंभ का आरंभ हो रहा है, जहां लाखों लोग पवित्र स्नान के लिए उमड़ रहे हैं।

रेल डिवीजन और कनेक्टिविटी परियोजनाओं की शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू में हाल ही में हुए रेल डिवीजन के शिलान्यास का भी जिक्र किया और इसे जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात बताया। उन्होंने बताया कि सोनमर्ग टनल से क्षेत्र में टूरिज्म को नया पंख मिलेगा, और आने वाले समय में कई रोड और रेल कनेक्टिविटी परियोजनाएं जम्मू-कश्मीर में पूरी होने वाली हैं।

 

लद्दाख और जम्मू-कश्मीर की विकास यात्रा
प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की पुरानी मांगों को पूरा करने में सरकार के प्रयासों को सराहा। उन्होंने कहा कि हम जब काम शुरू करते हैं, तो उसे पूरा भी करते हैं। हर काम का एक सही समय होता है और हम हमेशा उस समय में सही काम करते हैं।
 

सोनमर्ग टनल और पर्यटन का विकास
मोदी ने बताया कि 2015 में केंद्र सरकार के गठन के बाद सोनमर्ग टनल का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि कश्मीर की सर्दियों में यह टनल बहुत मददगार साबित होगी, जिससे टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।

 

जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों की बढ़ती संख्या
पीएम ने जम्मू-कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र में हो रहे विकास को रेखांकित करते हुए कहा कि 2024 में 2 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने राज्य की यात्रा की और सोनमर्ग में पिछले 10 सालों में 6 गुना ज्यादा पर्यटक आए हैं।
 

कश्मीर के लोगों की मेहनत को सलाम
प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के लोगों की मेहनत और समर्पण को सलाम किया और कहा कि यह सब किसी एक सरकार का नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर की जनता की मेहनत का नतीजा है।

 

नए विकास के रास्ते खुलेंगे
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब कनेक्टिविटी परियोजनाओं से इस क्षेत्र का विकास तेज़ी से होगा। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोग अब एक नई दिशा में बढ़ रहे हैं।
विज्ञापन

अब दूरी मिट चुकी 
प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि अब दूरी मिट चुकी है, हम सबको मिलकर यह काम करना है, और मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम इस सफर को साथ मिलकर तय करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें