मुख्यमंत्री उमर अबदुल्ला शनिवार को सोनमर्ग पहुंचे। शाम 5:40 बजे उन्होंने सोशल मीडिया पर सुरंग की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। उन्होंने लिखा-सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को सोनमर्ग का दौरा किया। जेड-मोड़ टनल के उद्घाटन से सोनमर्ग पूरे साल पर्यटन के लिए खुला रहेगा। सोनमर्ग अब एक बेहतरीन स्की रिसॉर्ट के रूप में विकसित होगा। स्थानीय लोगों को सर्दियों में बाहर नहीं जाना पड़ेगा। श्रीनगर से कारगिल/लेह की यात्रा में लगने वाला समय भी कम हो जाएगा।
बेसब्री से इंतजार...
पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम उमर अब्दुल्ला की पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए लिखा- मैं सुरंग के उद्घाटन के लिए सोनमर्ग की अपनी यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। आपने पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए फायदों के बारे में सही बताया है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने सीएम की ओर से पोस्ट की गई तस्वीरों और एरियल व्यू वाले वीडियो की तारीफ भी की।
शार्प शूटर तैनात, चप्पे-चप्पे पर एसपीजी की नजर
सुरंग के उद्घाटन से पहले गांदरबल जिले समेत पूरी घाटी में सुरक्षा चाक-चाैबंद कर दी गई है। टनल को स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स (एसपीजी) के साथ पीएम की सुरक्षा टीम ने सुरक्षा घेरे में ले लिया है। कार्यक्रम स्थल को आम लोगों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।
-चोटियों व सुरक्षा के लिए अहम जगहों पर शार्प शूटर तैनात किए गए हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त चाैकियां स्थापित कर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी है। वाहनों और यात्रियों की गहन तलाशी के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जा रहा है।