धर्मनगरी से अर्द्धकुंवारी तक बने नए मार्ग को वाहनों के लिए खोले जाने की संभावना के विरोध में आंदोलन कर रहे मजदूरों पर बुधवार की शाम लाठीचार्ज किया गया। पुलिस ने धरने पर बैठे मजदूरों को वहां से हटा दिया और बैनर वगैरह भी हटा दिए।
लाठीचार्ज में आठ मजदूर जख्मी हुए हैं। इससे पहले आमरण अनशन पर बैठे पांच लोगों को रियासी जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। इससे मजदूरों का गुस्सा भड़क उठा। रियासी की डीसी सुषमा चौहान ने माहौल तनावपूर्ण देख कटड़ा में धारा 144 लगा दी है। वीरवार को प्रस्तावित दिल्ली कूच पर भी अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार शाम को प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को बैठक के लिए बुलाया। बैठक में आमरण अनशन पर बैठे पांचों लोगों को भी बुलाया गया। बैठक धरना स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर हुई।