ज्यौड़ियां। नगर पालिका के सफाई कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर 13 दिनों से हड़ताल पर हैं। शनिवार को सफाई कर्मियों के समर्थन में पब्लिक ज्वाइंट एक्शन कमेटी छंब के लोग धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने सरकार से सफाई कर्मियों के मसलों को जल्द हल करने की मांग की।
पब्लिक ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रधान अमृत भूषण बाबा भारती नंद ने बताया कि सफाई कर्मी की हड़ताल के कारण कस्बे में गंदगी के ढेर लग गए हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि स्वच्छ भारत अभियान शुरू होने के समय इलाके के कई नेता हाथों में झाडू़ लेकर सफाई करते दिखे थे। इन दिनों हड़ताल के कारण गंदगी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वह नेता आजकल गायब हो गए हैं। खौड़ और ज्यौड़ियां नगर पालिका के सफाई कर्मियों अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे हैं। धरने पर बैठे सफाई कर्मियों ने बताया की वह 15 सालों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बावजूद सरकार की तरफ से स्थायी करने को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही है। इसके इलावा वेतन नहीं बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मानदेय के तौर पर उन्हें मात्र 6700 रुपये दिया जा रहा है। इतने कम पैसे में घर चलाना मुश्किल है।