सैन्य अधिकारियों के साथ स्थानीय लोग। संवाद
ज्यौड़ियां। सेना सीमाओं पर तैनात होने के साथ स्थानीय लोगों की मदद भी कर रही है। शनिवार को सरकारी हाई स्कूल हमीरपुुर सिदड़ में सेना ने आपरेशन सद्भावना के तहत कार्यक्रम करवाया। इसमें छात्रों के लिए स्कूल प्रबंधन को फर्नीचर भेंट किया गया।
पंचायत पंगाली के सरपंच तथा अन्य लोगों ने बताया कि सेना की स्थानीय बटालियन उनके सुख-दुख में सहारा बन रही है। सीमावर्ती गांवों के लोगों की मदद कर युवाओं का भविष्य भी संवारने में जुटा है। लोगों ने बताया कि महामारी के दौरान स्थानीय लोगों को मास्क, सैनिटाइजर तथा राशन भी वितरित किया गया। सेना ने स्थानीय गांवों के युवाओं को भर्ती में शामिल होने के लिए प्रशिक्षण दिया था। स्थानीय गांवों की 28 युवतियों को एसएसबी तथा पुलिस में भर्ती होने के लिए शारीरिक प्रशिक्षण दिया था। इसमें 20 लड़कियों ने जम्मू-कश्मीर राज्य पुलिस शारीरिक प्रशिक्षण पास कर लिया है। सफल रही युवतियों को लिखित परीक्षा तैयार करवाया जा रहा है। हाई स्कूल हमीरपुर सिदड़ के प्रधानाचार्य सोमनाथ ने बताया की सेना की तरफ से छात्राओं के लिए कंप्यूटर कोर्स चलाया गया है। मौके पर कर्ण चौधरी, कैप्टन सुखदेव सिंह ने भी सहयोग दिया।