जम्मू। सीबीआई ने सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी की पेंशन की फाइल को आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत लेने के आरोप में पीएचई विभाग के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहम्मद उस्मान नरवाल कार्यालय में जूनियर असिस्टेंट है।
सीबीआई के अनुसार महिला ने शिकायत दी थी कि आरोपी पेंशन केस को आगे बढ़ाने के लिए 4500 रुपये मांग रहा है। एजेंसी ने जांच की तो आरोप सही मिले। महिला हाल ही में पीएचई विभाग उधमपुर से सेक्शन ऑफिसर पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। आरोपी ने रिश्वत लेने के लिए क्यूआर कोड व्हाट्सएप पर भेजा था। सीबीआई ने योजना बनाकर महिला से आरोपी के खाते में 4500 रुपये भिजवाए। आरोपी ने जब पैसे मिलने की पुष्टि की तो उसे गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने लोगों से अपील है कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो शिकायत तुरंत करें ताकि भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसा जा सके।